देहरादून : भाजपा के स्थापना दिवस समारोह में सीएम त्रिवेंद सिंह रावत ने कहा कि भाजपा की यात्रा सिद्धान्तों और विचारों की यात्रा है। ये यात्रा अभी अधूरी है। लक्ष्य सत्ता पाना नहीं है। हमें देश को सशक्त और समृद्ध बनाना है। सीएम ने घोषणा की कि कार्यकर्ताओं पर राजनीतिक कारणों से लगे सभी मुकदमें वापस होंगे।
भाजपा के स्थापना दिवस के अवसर पर आज देहरादून में सचिवालय के पास एक वैडिंग प्वॉइंट में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान सीएम त्रिवेंद सिंह रावत ने कहा कि देश को पीएम मोदी ने विश्व पटल पर नई पहचान दी है। लक्ष्य हासिल करने को पार्टी आगे बढ़ रही है। सूबे में प्रचंड बहुमत मिला है और हमारी नीयत बिलकुल साफ है। हमने पहला प्रहार भ्रष्टाचार पर किया है। कहा कि ऐसी सरकार चलाएंगे कि लोकायुक्त की जरूरत ही न पड़े। प्रदेश की आर्थिक स्थिति बहुत खराब है, लेकिन विकास प्रभावित नहीं होगा। ऑल वेदर रोड बनते ही विकास के रास्ते खुल जाएंगे।
कहा, आज देहरादून को बदबूरहित बनाने की शुरुआत की है। मन्नू गंज नाले से इसकी शुरुआत की है। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट, संगठन महामंत्री संजय कुमार, विधायक हरबंश कपूर, उमेश शर्मा काउ, खजान दास, गणेश जोशी, महानगर अध्यक्ष उमेश अग्रवाल, प्रदेश महामंत्री नरेश बंसल आदि मौजूद रहे।