देहरादून : Congress Protest : मंहगाई व भ्रष्टाचार को मुद्दा बनाकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ शुक्रवार को राजभवन कूच किया। पुलिस ने कांग्रेस नेताओं को हाथीबड़कला में बैरिकेडिंग लगाकर आगे जाने से रोक दिया। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा की अगुवाई में कांग्रेसी यहीं धरने पर बैठ गए। इस दौरान कई कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारी भी दी।
कार्यकस और कांग्रेस नेताओं की जमकर झड़प
राजपुर रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय से पार्टी नेता व कार्यकर्ता 11 बजे राजभवन के लिए निकले। करीब 12 बजे हाथीबड़कला बैरिकेडिंग पर भारी पुलिस बल ने कांग्रेस नेताओं को आगे नहीं जाने दिया, यहां पर पुलिस और कांग्रेस नेताओं की जमकर झड़प हुई।
कई कांग्रसी बैरिकेडिंग पर चढ़ गए। इस मौके पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने मोदी सरकार के विरोध में प्रर्दशन कर नारेबाजी की। प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाए कि केंद्र की मोदी सरकार कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी व राहुल गांधी पर बदले की भावना से कार्य कर रही है।
2010 में ईडी ने अपनी कार्रवाई बंद कर दी थी। लेकिन मोदी सरकार ने जबरन कार्रवाई दोबारा शुरू करवा दी। जो निदनीय है। उन्होंने देश में बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी के लिए मोदी सरकार को जिम्मेदार ठहराया।