रुड़की : भारतीय टी-20 क्रिकेट टीम के खिलाड़ी ऋषभ पंत के पिता राजेंद्र पंत का अशोक नगर ढंढेरा स्थित आवास में आकस्मिक निधन हो गया। वह 53 साल के थे। सूचना पर ऋषभ पंत भी घर पहुंच गए थे। परिजनों के अनुसार राजेंद्र पंत गत रात नौ बजे के करीब घर पर ही सो रहे थे। पत्नी सरोज पन्त ने जब उन्हें रात्रि भोजन को उठाने का प्रयास किया तो वह नहीं उठे। इसके बाद उन्होंने पड़ोसियों को सूचित किया और उन्हें रूड़की रेलवे रोड स्थित एक निजी अस्पताल ले गए।
जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। निधन की सूचना पर युवा क्रिकेटर ऋषभ पंत तड़के रुड़की पहुचे। उनके पिता का अंतिम संस्कार कनखल श्मशान घाट में किया गया। राजेंद्र पंत अशोक नगर में एक स्कूल चलाते थे। वह अपने पीछे पत्नी, एक बेटा और बेटी छोड़ गए। जनप्रतिनिधियों ने भी शोक संतप्त परिवार का ढांढस बढ़ाया। ऋषभ पन्त आईपीएल में दिल्ली डेयर डेविल्स की टीम के हिस्सा हैं। शनिवार आठ अप्रैल को इस टीम का मैच प्रस्तावित है।