रुड़की : मंगलोर कोतवाली क्षेत्र के मुंडेट गांव में अंबेडकर जयंती के लिए लगाए गए फ्लेक्स शरारती तत्वों ने जला दिए। इस पर लोगों ने जमकर हंगामा काटा। इस दौरान पहुंची पुलिस की मोटर साइकिल आग के हवाले कर दी। कुछ लोगों की ओर से किए गए पथराव में पुलिस क्षेत्राधिकारी को भी चोट आई।
मुंडेत गांव में अंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में लगाए गए फ्लेक्स को किसी ने रात को जला दिया। इससे गुस्साए लोगों ने देवबंद रोड़ पर जाम लगा दिया। इस दौरान कल्लू नाम के युवक ने खुद पर मिट्टी तेल छिड़ककर आग लगाने की कोशिश भी की। सूचना पर भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने युवक को पकड़ लिया। पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने।
युवक को पकड़ने पर लोग भड़क गए और उनकी पुलिस से झड़प भी हुई। इसी दौरान भीड़ से किसी ने पत्थर उछाल दिए। इससे पुलिस क्षेत्राधिकारी परीक्षित कुमार और झबरेड़ा विधायक देशराज कर्णवाल को भी चोटें आई। पुलिस ने लाठी फटकारकर उपद्रवियों को खदेड़ा। मौके पर प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौजूद हैं। साथ ही स्थिति तनावपूर्ण बनी है।