बागेश्वर : नगर क्षेत्र में एक विवाहिता ने एक अवर अभियंता पर दुष्कर्म का आरोप लगाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। नगर क्षेत्र निवासी एक महिला ने राष्ट्रीय राजमार्ग खंड में कार्यरत एक जेई पर शादी का झांसा देकर संबंध बनाने का आरोप लगाया है। करीब 40 साल की महिला का दावा है कि उसके पेट में सात माह का गर्भ भी है।
महिला के मुताबिक वह पति से अलग रहती थी। उसका कहना है कि अवर अभियंता को घर में खाना बनाने के लिए एक महिला की जरूरत थी। उसके ऊपर पांच बच्चों का लालन-पालन करने की जिम्मेदारी थी। इसी कारण वह जेई के घर पर काम करने को राजी हो गई।
आरोप है कि इसी बीच एक दिन आरोपी ने जबरन उसके साथ संबंध बना लिए। उसने बदनामी का हवाला देकर उसे चुप करा दिया। फिर उसका यह हमेशा का सिलसिला हो गया। महिला के पेट में गर्भ ठहरने पर आरोपी ने शादी का झांसा दिया। बाद में उसने शादी से इन्कार कर दिया। इस पर उसे अवर अभियंता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करानी पड़ी।